नयी दिल्ली , अगस्त 26 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने भूटान के साथ हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए वहां की सरकारी विमान सेवा कंपनी ड्रूकएयर के साथ करार किया है।
एयर इंडिया में बुधवार को बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य भारत, भूटान और आगे के गंतव्यों के बीच निर्बाध यात्रा सुविधा को बेहतर बनाना और नेटवर्क को मजबूत करना है। इस साझेदारी के तहत यात्री एयर इंडिया और ड्रुकएयर की उड़ानों को मिलाकर एक ही टिकट पर यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों के सामान और यात्री ट्रांसफर की समन्वित व्यवस्था अंतिम गंतव्य तक की जायेगी।
यह सुविधा दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयर इंडिया के हब के माध्यम से उपलब्ध होगी। एयर इंडिया के यात्री विभिन्न शहरों से दिल्ली होते हुए भूटान के पारो तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा, भूटान के भीतर पारो से बुमथांग, गेलेफू और योंफुला के लिए भी सुविधाजनक कनेक्शन उपलब्ध होंगे।
वहीं, ड्रुकएयर के यात्रियों को दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता के माध्यम से एयर इंडिया के व्यापक घरेलू नेटवर्क तक सीधी पहुंच मिलेगी। इसमें बेंगलुरु, मुंबई और कोच्चि जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इसके अलावा, यात्री पेरिस चार्ल्स डी गॉल, कोलंबो, नेवार्क, फ्रैंकफर्ट, न्यूयॉर्क, लंदन (हीथ्रो), मेलबर्न, सैन फ्रांसिस्को, सिडनी, टोरंटो पीयरसन और वैंकूवर जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित