भोपाल , अप्रैल 30 -- भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा है कि एयरपोर्ट किसी भी शहर का आइना होता है, इसलिए उसके आसपास ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखते हुए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।

राजाभोज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की एडवाइजरी कमेटी की बैठक में श्री शर्मा ने एयरपोर्ट के बाहर सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर बेतरतीब यातायात और ठेले-गुमठियों के कारण जाम की स्थिति बनती है, जिससे शहर की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने प्राइवेट टैक्सी चालकों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से सवारी लेने पर भी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग के समन्वय से एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्र के विकास की योजना बनाने के निर्देश दिए, साथ ही नगर निगम और पुलिस अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा।

बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सुझाव दिया कि एयरपोर्ट का नाम राजाभोज के नाम पर होने के कारण यहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जा सकती है। इस पर सांसद ने एयरपोर्ट प्रबंधन को आवश्यक अनुमति लेकर उचित स्थान पर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में एयरपोर्ट की सुविधाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट 24 घंटे संचालित है और यहां कस्टम व इमिग्रेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह आठ शहरों से जुड़ा हुआ है और दिल्ली के लिए प्रतिदिन कई उड़ानें संचालित होती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित