नयी दिल्ली , मई 20 -- भारती एयरटेल समूह की बुनियादी वित्तीय समाधान डिजिटली मुहैया कराने वाली कंपनी एयरटेल पेमेंट्स बैंक का राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में 18.4 प्रतिशत बढ़कर 3,207 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
डिजिटल बैंकिंग कंपनी ने बुधवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि बीते वित्त वर्ष उसका शुद्ध लाभ बढ़कर 109 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जिसमें लाभ मार्जिन बढ़कर 3.4 प्रतिशत हो गया। कंपनी के पास ग्राहकों की जमा राशि साल-दर-साल 26 प्रतिशत बढ़कर 4,612 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी। उसका वार्षिक कारोबार बढ़कर 4,542 अरब रुपये हो गया। बैंक के ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है। बचत बैंक खाते में मासिक लेनदेन करने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़कर 2.88 करोड़ हो गयी। उपयोगकर्ताओं की संख्या के हिसाब से एयरटेल पेमेंट्स बैंक देश का तीसरा सबसे बड़ा मोबाइल बैंक बना हुआ है।
एयरटेल पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुब्रत बिस्वास ने कहा, "इस साल हमारा शानदार प्रदर्शन हमारे कारोबार के मॉडल की मजबूती और हमारे ऊपर ग्राहकों के स्थिर विश्वास को दिखाता है। हमारे सेफ सेकंड अकाउंट (सुरक्षित वैकल्पिक खाते) की व्यापक स्वीकार्यता एक सुरक्षित, निर्बाध डिजिटल बैंकिंग समाधान की बढ़ती आवश्यकता को रेखांकित करती है। अपने विस्तार के साथ हमारा ध्यान एक ऐसा डिजिटल बैंक बनाने पर केंद्रित रहेगा, जो देश की बढ़ती हुई वित्तीय जरूरतों को प्रभावी तरीके से पूरा कर सके।"कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुरक्षित वैकल्पिक खाते के रूप में ग्राहक एयरटेल पेमेंट्स बैंक के माध्यम से दैनिक डिजिटल लेन-देन कर रहे हैं। इससे बैंक के साथ ग्राहकों की सहभागिता बढ़ी है और यह यूपीआई ऑटोपे के मामले में दूसरा सबसे बड़ा बैंक बनकर उभरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित