नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- देश की अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल ने 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा छू लिया है।
एयरटेल ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में जीएसएमए के आंकड़ों के हवाले से बताया कि मोबाइल सब्सक्राइबरों के मामले में वह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी है जो भारत के अलावा अफ्रीकी देशों में भी सेवा प्रदान करती है। अफ्रीका के 14 देशों में उसके 17.9 करोड़ ग्राहक हैं।
एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा कि वैश्विक स्तर पर 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा छूना कंपनी के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है ताकि वह हर दिन अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा दे सके।
उन्होंने कहा कि कंपनी अत्याधुनिक तकनीकों में निवेश करते हुए केवल कनेक्टिविटी ही नहीं बल्कि एक सुरक्षित नेटवर्क भी प्रदान कर करती है। उसका उद्देश्य अपनी उपस्थिति का विस्तार और नवाचार, विश्वसनीयता तथा अनुभव के मानकों को ऊंचा उठाना है।
मोबाइल ग्राहक आधार के आधार पर दूसरे सबसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर के रूप में एयरटेल की रैंकिंग उसके वैश्विक स्तर पर निरंतर सुधार को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित