नरसिंहपुर , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के डांगीढाना गांव में एयरगन का पेलेट लगने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डांगीढाना निवासी आदित्य लोधी (18) अपने घर में एयरगन रख रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दबने से पेलेट उसके सीने में जा लगा। परिजन उसे तत्काल जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी रही।
स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर वापस जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्टेशनगंज थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि परिजनों ने एयरगन पेलेट लगने से मौत की जानकारी दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित