कोच्चि , सितंबर 30 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने वरिष्ठ आरएसएस प्रचारक, सांस्कृतिक आयोजक और 'केसरी' के पूर्व संपादक एम.ए. कृष्णन के निधन को केरल के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुआयामी प्रतिभा की क्षति करार दिया है।

'एम.ए. सर' के नाम से लोकप्रिय श्री कृष्णन का मंगलवार को अमृता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 97वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम कोल्लम जिले के ऐवरकला स्थित उनके पैतृक घर में किया जाएगा।

शोक संदेश में श्री भागवत ने कहा कि श्री कृष्णन ने केरल में कई सांस्कृतिक पहलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से बालगोकुलम् और तपस्या कला साहित्य वेदी के विकास में उनके योगदान का उल्लेख किया।आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सह-सरकार्यवाह राम दत्त चक्रधर ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री चक्रधर ने बालगोकुलम् के विस्तार में उनके योगदान को याद किया।

कोल्लम के ऐवरकला में 17 जनवरी 1929 को जन्मे श्री कृष्णन ने 1954 में आरएसएस प्रचारक के रूप में काम शुरू किया। वह 1964 से 1990 तक मलयालम साप्ताहिक 'केसरी' के संपादक रहे और मंदिरों, सांस्कृतिक विरासत तथा सामाजिक मुद्दों पर व्यापक लेखन किया।

बालगोकुलम् उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख पहलों में रहा। 1972 में कोझिकोड में शुरू हुआ यह संगठन बाद में पूरे केरल में बच्चों के शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रीकृष्ण जयंती शोभायात्राओं के आयोजन से जुड़ा। कृष्णन तपस्या कला साहित्य वेदी सहित कई सांस्कृतिक और सामाजिक पहलों से भी जुड़े रहे।

उन्हें 2008 में कोलकाता की बड़ा बाजार लाइब्रेरी द्वारा विवेकानंद सेवा सम्मान और वीरश्री वेलुत्तम्पि स्मृति सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित