रायबरेली, अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। एकता दौड़ का शुभारंभ डीन (अनुसंधान) प्रो. अर्चना वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें संस्थान के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर प्रो. अर्चना वर्मा ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी से जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

'रन फॉर यूनिटी' के माध्यम से प्रतिभागियों ने एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए नागरिकों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान डीन (अकादमिक) प्रो. नीरज कुमारी ने संस्थान के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता एवं सद्भाव को सुदृढ़ करने और सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित