रायबरेली , जुलाई 24 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली के इमरजेंसी विभाग के ऑपरेशन थिएटर (इमरजेंसी ओटी) ने संचालन शुरू होने के महज साढ़े पांच माह के भीतर 651 सफल ऑपरेशन पूरे कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

एम्स के अनुसार, इमरजेंसी ओटी का संचालन दो फरवरी, 2026 से शुरू हुआ था। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को इमरजेंसी ओटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने की।

कार्यक्रम में उप निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, इमरजेंसी ओटी के प्रभारी डॉ. अभय राज यादव, सर्जरी विभाग के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने इमरजेंसी ओटी की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण, टीमवर्क तथा मरीजों के प्रति सेवा-भाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य गुणवत्ता, दक्षता और समयबद्ध उपचार के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

एम्स रायबरेली ने कहा कि संस्थान लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है और इमरजेंसी ओटी की यह उपलब्धि उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित