रायबरेली , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक अस्पताल कमी पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एम्स के प्रवक्ता सौरभ कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित प्रशांत शर्मा (26) संस्थान में अस्पताल अटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार देर शाम अस्पताल परिसर न्यूरोलॉजी विभाग में पर्चा लगवाने को लेकर एक व्यक्ति से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय भदोखर थाना क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे 6-7 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर कार से आए थे और उन्होंने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से प्रशांत की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रवक्ता के अनुसार, घटना के संबंध में एक केमिस्ट की दुकान से सलमान और गोलू के नाम सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घायल प्रशांत शर्मा का एम्स में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति येलो जोन में बताई गई है।
उधर, भदोखर थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी सलमान और गोलू को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित