पटना , मई 29 -- राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (एम्स ) में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए एक और बड़ी सुविधा शुरू होने वाली है,जिससे इलाज के दौरान मरीजों के परिजन 24 घंटे अपने भर्ती परिवार वालों का ख्याल एम्स परिसर में ही रहकर कर सकते हैं। पटना एम्स में मरीजों के परिजनों के लिए 14.85 करोड़ की लागत से धर्मशाला भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिससे इलाजरत मरीजों के परिजनों को गर्मी या ठंड के मौसम में आराम से रहकर इलाज करवाने का अवसर मिल सकें।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पटना एम्स परिसर में ग्राउंड प्लस-4 तल्ले का धर्मशाला भवन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक इस भवन का निर्माण करके एम्स प्रशासन को संचालन के लिए सौंप दिया जायेगा।

विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार एम्स परिसर में बन रहे धर्मशाला की क्षमता 248 बेड की निर्धारित की गयी है। इसके अलावा परिजनों की उचित व्यवस्था के लिए 32 निजी कमरे का निर्माण भी किया जा रहा है। बिहार सरकार के पर्यावरण अनुकूल विकास मॉडल को ध्यान में रखते हुए भवन के छत पर सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए पैनल लगाने की योजना बनायी जा रही है। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट, आधुनिक फर्नीचर, शौचालय और अन्य कई जरूरी व्यवस्था को इस भवन में लगाया जायेगा। मुख्यमंत्री के स्वास्थ बिहार आत्मनिर्भर राज्य का विजन अब पूरा होते दिख रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित