पटना , सितंबर 05 -- खिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)पटना में स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। एम्स पटना इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन काउंसिल और एम्स पटना बीएफआई इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा शनिवार को इन्क्यूबेशन सेंटर में एक विशेष संस्थागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एम्स पटना के नेतृत्व, डीन, वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, मेंटर्स और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एपीआईआईसी और एपीबीएफआई के बीच सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर रहा। यह समझौता स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसी अवसर पर एपीबीएफआई के पहले बैच की औपचारिक शुरुआत भी हुई जो इन्क्यूबेशन सेंटर की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
कार्यक्रम में " अ वोकैब्यूलरी गाइड फॉर बिगिनर्स" पुस्तक का भी औपचारिक विमोचन किया गया। पुस्तक के संपादक डॉ. क्रांति भावना, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. सुदीप कुमार हैं। इसके लेखकों में सोमेश चंद्र, मोनू कुमार और आलिया फिरदौस शामिल हैं। डॉ. मौसुमी साहा ने संपादक और लेखक दोनों की भूमिका निभाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित