पटना, मार्च 27 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना में आईएएपीएस-एम्स पटना एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जरी ऑपरेटिव वर्कशॉप एवं बीजेपीएसए मिडटर्म एकेडमिक मीट के पहले दिन लाइव सर्जरी के माध्यम से आधुनिक सर्जिकल तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

इस आयोजन में देशभर के विशेषज्ञ सर्जनों, डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने भाग लिया।इसका उद्देश्य सर्जनों को नवीन तकनीकों से अवगत कराना और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।पहले दिन हाई-डेफिनिशन लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन मुख्य आकर्षण रहा।

इस दौरान डॉ. संदीप शर्मा ने ब्रेस्ट रिडक्शन और ब्लेफेरोप्लास्टी,डॉ. मेधा भावे ने टमी टक (एब्डोमिनोप्लास्टी),डॉ. रजत गुप्ता ने ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन,डॉ. वेंकट आर. यमनी ने राइनोप्लास्टीडॉ. दिनेश कदम ने जॉ फेमिनाइजेशन सर्जरी का प्रदर्शन किया।सभी सर्जरी को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया, जिससे प्रतिभागियों को सर्जिकल योजना, तकनीक और निर्णय प्रक्रिया की गहन जानकारी मिली।

कार्यक्रम के दौरान रीयल-टाइम प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुए, जिससे प्रतिभागियों और विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद संभव हुआ।यह कार्यशाला आधुनिक सर्जिकल प्रशिक्षण के इंटरएक्टिव मॉडल को दर्शाती है, जहां लाइव प्रदर्शन और चर्चा के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम का पहला दिन सर्जिकल कौशल, नवाचार और सहयोगात्मक सीख के प्रभावी संयोजन के रूप में संपन्न हुआ, जो एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जरी के क्षेत्र में गुणवत्ता और सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित