पटना , नवंबर 03 -- खिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ), पटना एवं भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से 03 से 05 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 'पासपोर्ट सेवा - पासपोर्ट आपके द्वार' नागरिक केंद्रित पहल के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य संस्थान के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उनके कार्यस्थल पर ही उपलब्ध कराना है।शिविर का उद्घाटन एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार जालान, संकाय सदस्य, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ तथा संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

इस तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदकों को सुविधा प्रदान करने की योजना है, जिसके तहत प्रतिदिन 55 आवेदकों के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं। मोबाइल वैन के माध्यम से आवेदक संस्थान परिसर में ही पासपोर्ट आवेदन से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। इनमें दस्तावेजों का सत्यापन एवं बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण शामिल है। इससे आवेदकों को पासपोर्ट सेवा केंद्र जाने के लिए अलग से समय निकालने और यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

यह पहल विशेष रूप से चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है जिनकी व्यस्त व्यावसायिक एवं शैक्षणिक दिनचर्या के कारण नियमित कार्यदिवसों में पासपोर्ट सेवा केंद्र जाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

एम्स पटना परिसर में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के सहयोग से आयोजित यह दूसरा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर है। इससे पहले 03 से 05 मार्च 2025 तक इस प्रकार के शिविर का आयोजन किया गया था। इस पहल की निरंतरता एम्स पटना और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के बीच संस्थागत सहयोग को दर्शाती है जिसके माध्यम से संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों तक आवश्यक नागरिक सेवाएं सहज रूप से पहुंचाई जा रही हैं।

एम्स पटना ने इस सुविधा को संस्थान परिसर तक उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार की सहयोगात्मक पहलें आवश्यक सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ एवं नागरिक अनुकूल बनाने के साथ-साथ संस्थान के सदस्यों की सुविधा सुनिश्चित करने में भी सहायक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित