पटना, मई 21 -- चआईवी/एड्स उपचार सेवाओं को सशक्त बनाने तथा बिहार में जीवन रक्षक उपचार सुविधाओं की पहुंच को और व्यापक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना में गुरुवार को अत्याधुनिक एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी ) सेंटर का शुभारंभ किया गया। संस्थान के आयुष भवन में स्थापित यह नया केंद्र बिहार में एचआईवी देखभाल सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा मरीजों को एक ही स्थान पर समग्र उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के परियोजना निदेशक सुमित कुमार तथा एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगे.) डॉ. राजू अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) ज्योति प्रकाश, नोडल पदाधिकारी, एआरटी सेंटर, प्रो. (डॉ.) अनूप कुमार, चिकित्सा अधीक्षक सहित संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य, स्वास्थ्यकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एम्स पटना में एआरटी सेंटर की शुरुआत के साथ अब बिहार में कुल 35 एआरटीसेंटर संचालित हो रहे हैं। यह राज्य में एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं उपचार सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह केंद्र पटना सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित