पटना , सितंबर 25 -- च्चों और समुदाय में बेहतर पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना के सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग की ओर से पोषण माह 2026 के तहत मध्य विद्यालय, कराई गांव में मेगा पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम "हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" रही। कार्यक्रम में लगभग 426 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित पोषण, रोगों की रोकथाम, स्वास्थ्य संवर्धन तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी केवल स्वास्थ्य संस्थानों की नहीं बल्कि परिवार, विद्यालय, पंचायत, आंगनवाड़ी और पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय पांडेय ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने संतुलित आहार, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता को समुदाय के स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित