बाराबंकी , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी एम्बुलेंस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार निजी एम्बुलेंस ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार रामावती (65) की मृत्यु हो गई, जबकि उनके पति लक्ष्मीनारायण (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों पति-पत्नी लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव के निवासी थे और बुढ़नापुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर एक कट के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी एम्बुलेंस में फंसकर करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामावती को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीनारायण को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित