भरतपुर , जून 30 -- राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग -21 पर मंगलवार को तड़के एक एम्बुलेंस के आगे जा रहे दूसरे वाहन से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भरतपुर के हेतराम (29) की पत्नी खुशबू (26) ने 15 दिन पहले भरतपुर के जनाना अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन समय से पहले प्रसव होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर के जे के लॉन भेज दिया। जहां सोमवार रात नवजात की मौत हो गयी। हेतराम अपने परिजनों के साथ एम्बुलेंस से शव लेकर भरतपुर लौट रहा था।
पुलिस ने बताया कि तड़के लुधावई गांव में एम्बुलेंस आगे जा रहे एक वाहन से टकरा गयी। इससे हेतराम की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी खुशबू, पिता जगदीश (50), चाची गुड्डी और चालक घायल हो गये। सभी घायलों को भरतपुर में आरबीएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया है। चालक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित