अहमदाबाद , अक्टूबर 23 -- बाईस वर्षीय भारतीय एमेच्योर अरिन आहूजा ने अहमदाबाद के केन्सविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए 'फाइनल क्वालीफाइंग स्टेज' के चौथे और आखिरी राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'ईवन-पार 72' का स्कोर बनाया और एक शॉट के अंतर से डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालीफाइंग स्कूल 2026-27 जीत लिया।
नोएडा के रहने वाले अरिन (70-73-70-72) ने पहली बार डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालीफाइंग स्कूल में हिस्सा लिया और पूरे हफ्ते में कुल 'थ्री-अंडर 285' का स्कोर बनाया।
भारत के वेदांत सिरोही (71-71-73-71) और बंगलादेश के मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान (69-73-71-73) कुल 'टू-अंडर 286' के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से रनर-अप रहे।
आखिरी राउंड में कट '15-ओवर 203' पर रहा, और शीर्ष 48 खिलाड़ियों ने 2026-27 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई सीज़न के लिए अपने फुल कार्ड हासिल किए। इन शीर्ष 48 खिलाड़ियों में चार एमेच्योर शामिल थे। फुल कार्ड हासिल करने वाले 48 खिलाड़ियों में पांच विदेशी खिलाड़ी (चार बंगलादेशी और एक श्रीलंकाई) भी शामिल रहे।
जूनियर स्तर पर एक खिताब जीत चुके और 2024 में एमेच्योर सर्किट पर भारत के नंबर 2 खिलाड़ी रहे अरिन आहूजा ने चौथे राउंड में शुरुआती मुश्किलों के बाद शानदार वापसी की।
चौथे दिन की शुरुआत में अरिन, जो उससे पहले दूसरे स्थान पर थे और लीड से सिर्फ एक शॉट पीछे थे, को अपने 'आयरन' (गोल्फ क्लब) के साथ संघर्ष करना पड़ा। इस दौरान वे कुछ 'ग्रीन्स' (लक्ष्य क्षेत्र) तक नहीं पहुँच पाए और शुरुआती पांच होल्स में तीन 'बोगी' (एक होल को पार करने में तय संख्या से एक स्ट्रोक ज्यादा लेना) कर बैठे। एक आर्मी ऑफिसर के बेटे आहूजा ने सातवें और आठवें होल पर 10 से 15 फीट की दूरी से कुछ अहम 'पार सेव' करके खुद को मुकाबले में बनाए रखा, क्योंकि उनकी 'पटिंग' अब बेहतर होने लगी थी।
इसके बाद अरिन ने एक शानदार 'अप्रोच शॉट' खेला और 12 फीट की दूरी से शॉट को होल में डालकर 'ईगल' हासिल किया, जिससे वह फिर से मुकाबले में लौट आए। लय मिलने के बाद, आहूजा ने 15वें और 17वें होल पर दो और लंबे 'बर्डी' शॉट लगाए और बढ़त बना ली। 18वें होल पर 'बोगी' लगने के बावजूद, अरिन ने इतनी अच्छी बढ़त बना ली थी कि वह एक शॉट के अंतर से चैंपियन बन गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित