मनेन्द्रगढ़ , जून 06 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 565 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस की नाकेबंदी देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 56.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पोड़ी थाना क्षेत्र की नागपुर चौकी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध वाहनों के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान दो संदिग्ध कारें पुलिस जांच स्थल की ओर आती दिखाई दीं। पुलिस की मौजूदगी देखकर वाहन चालक घबरा गए और दोनों कारों को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कराई गई तौल के दौरान एक कार से 300 किलोग्राम तथा दूसरी कार से 265 किलोग्राम गांजा मिला। इस प्रकार कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित