मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में एमसीबी जिले में कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले किये गये है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी आदेश के अनुसार जिले में प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश में निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों सहित आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर आगामी आदेश तक के लिए अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

एसपी कार्यालय से आज दी गई जानकारी के अनुसार आदेश के तहत निरीक्षक कमलेश देवांगन और वासुदेव परगनिहा, जो रक्षित केन्द्र मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ थे, को क्रमशः थाना प्रभारी जनकपुर और थाना प्रभारी झगराखाण्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप निरीक्षक रामनयन गुप्ता को झगराखाण्ड से कोटाडोल थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि जगदेव कुशवाहा को कोटाडोल से जनकपुर भेजा गया है। इसी तरह ओमप्रकाश दुबे को जनकपुर से पोड़ी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

उप निरीक्षक रामनरेश गुप्ता, जो जिला विशेष शाखा में प्रभारी थे, को झगराखाण्ड थाना भेजा गया है। वहीं जया लक्ष्मी को परिवार परामर्श केन्द्र मनेन्द्रगढ़ से थाना मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ किया गया है। आरक्षक स्तर पर भी बदलाव करते हुए प्र.आर. 90 संजय कुमार यादव को जनकपुर से चिरमिरी तथा प्र.आर. 18 संतोष सिंह को चिरमिरी से जनकपुर स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा प्र.आर. 85 रामा सिंह टेकाम को कोटाडोल से जिला विशेष शाखा और आरक्षक 68 रामहरि पोर्ते को रक्षित केन्द्र मनेन्द्रगढ़ से जिला विशेष शाखा में पदस्थ किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने नवीन कार्यस्थल पर तत्काल आमद देना सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह द्वारा जारी इस आदेश की सूचना पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सहित सभी संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित