एमसीबी , मार्च 27 -- केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
यह योजना आगामी एक अप्रैल 2026 से लागू होने जा रही है, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व तैयारी के रूप में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षित करने की पहल की गई है।
जिला पीआरओ ने शुक्रवार को बताया कि उक्त कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में योजना के संबंध में फैल रही भ्रांतियों को दूर करना तथा सभी संबंधितों को योजना की सही एवं समग्र जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जिले की विशेषज्ञ टीम द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें योजना के उद्देश्य, प्रमुख प्रावधान, पात्रता, लाभ, क्रियान्वयन की प्रक्रिया तथा ग्राम पंचायतों की भूमिका को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया।
इसी क्रम में जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के सभाकक्ष अमृत सदन, भरतपुर एवं खड़गवां जनपद पंचायतों के सभाकक्षों में अलग-अलग कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं में कुल 120 आम नागरिकों की सहभागिता रही। साथ ही जनपद पंचायत सदस्य श्री रविशंकर वैश्व, श्रीमती पूजा कोल, श्री आनंद सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित सरपंचों में ग्राम पंचायत लोहारी के मोती सिंह, चनवारीडाड़ के सोनू सिंह, सिरौली की श्रीमती जुगुम बाई, भलौर के धर्मपाल, डोमनापारा की श्रीमती मानमति, चैनपुर की श्रीमती मीना कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी सप्ताह में क्लस्टर स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए मनरेगा कार्यस्थल पर आकस्मिक निधन हुए हितग्राही स्व. भैयालाल की पत्नी अहिल्या बाई को मनरेगा प्रावधान के तहत 25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक जनप्रतिनिधियों के करकमलों से प्रदान किया गया। कार्यशालाओं के माध्यम से जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में योजना के प्रति जागरूकता का व्यापक विस्तार हुआ है, जिससे आने वाले समय में जीरामजी योजना का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित