रायपुर , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खड़गंवा विकासखंड स्थित गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए तीन करोड़ आठ लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के पूरा होने पर 182 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार स्वीकृत राशि से जलाशय के मुख्य बांध, मुख्य नहर तथा वितरण नहरों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इससे नहर प्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी, जल अपव्यय में कमी आएगी और सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
विभाग ने बताया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद खरीफ और रबी दोनों फसली मौसम में किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध होगा। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ क्षेत्र के किसानों की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित