नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली में नगर निगम (एमसीडी) की अचानक हुई सीलिंग कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना पर्याप्त पूर्व सूचना, स्पष्ट दिशा-निर्देश और सुनवाई का अवसर दिए दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को सील करना व्यापारियों और आम जनता के साथ अन्याय है।

श्री यादव ने कहा कि दिल्ली में करीब दो दशकों से अवैध निर्माण और अवैध दुकानों का विस्तार भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इतने वर्षों तक अवैध निर्माण होते रहे, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब आनन-फानन में सीलिंग कर छोटे व्यापारियों और आम लोगों को परेशान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण को संरक्षण देने वाले अधिकारियों और राजनीतिक लोगों की जवाबदेही तय किए बिना केवल दुकानों को सील करना जनता को सजा देने जैसा है।

श्री यादव ने एमसीडी और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय की कमी का आरोप लगाते हुए सीलिंग कार्रवाई की समीक्षा, प्रभावित व्यापारियों की सुनवाई और दोषी अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित