नोएडा , फरवरी 23 -- एमबीडी समूह और रेडिसन समूह ने अपनी साझेदारी को और आगे बढ़ाते हुए सोमवार को नये ब्रांड बनाने के साथ देश में अगले 10 साल में 50 नये होटल खोलने की घोषणा की।
एमबीडी समूह की संयुक्त प्रबंध निदेशक सोनिका मल्होत्रा कंधारी ने बताया कि नये ब्रांड रेडिसन कलेक्शन एमबीडी और रेडिसन रेड एमबीडी के नाम से जाने जाएंगे। रेडिसन कलेक्शन एमबीडी लग्जरी होटल होंगे जबकि रेडिसन रेड एमबीडी लाइफस्टाइल श्रेणी के होटल होंगे।
उन्होंने बताया कि अधिकांश होटल एसेट-लाइट मॉडल के माध्यम से विकसित होंगे। एमबीडी की संपत्ति हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत रहेगी। लाइफस्टाइल सेगमेंट में अधिक आक्रामक विस्तार का लक्ष्य है। प्रस्तावित पोर्टफोलियो में लगभग 80 प्रतिशत प्रबंधित और फ्रेंचाइजी होटल तथा 20 प्रतिशत स्वामित्व वाले होटल शामिल होंगे। बेंगलुरु, उदयपुर और रणथंभौर में जमीन खरीदने का काम हो चुका है।
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत एमबीडी समूह देश भर में रेडिसन कलेक्शन और रेडिसन रेड होटलों के विकास में मदद करेगा। एमबीडी ग्रुप चिह्नित और आपसी सहमति वाले स्थानों पर दोनों ब्रांड के लिए कारोबार विकास, प्रबंधन और फ्रेंचाइज़िंग की जिम्मेदारी भी निभायेगा। रेडिसन के पास मार्केटिंग, ब्रांडिग और डाटा से संबंधित जिम्मेदारी होगी।
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत नोएडा में स्थित पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू एमबीडी को रेडिसन कलेक्शन एमबीडी के रूप में बदला जायेगा। रेडिसन कलेक्शन और रेडिसन रेड का विस्तार अन्य साझेदारों के नेटवर्क के माध्यम से भी जारी रहेगा।
दोनों समूहों के अधिकारियों ने यहां एक प्रेस वार्ता में इस आशय के एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये। एमबीडी समूह की प्रबंध निदेशक मोनिका मल्होत्रा कंधारी ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि रेडिसन के साथ राजस्व हिस्सेदारी के बारे में उन्होंने बताया कि यह हर होटल के लिए अलग-अलग होगा और अभी कुछ तय नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित