जालंधर , मई 11 -- भारतीय इंकलाबी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) ने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 18 मई को पंजाब के शहरों और कस्बों में व्यापक विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

पार्टी के महासचिव मंगत राम पासला और पंजाब राज्य कमेटी के सचिव परगट सिंह जमाराए ने सोमवार को संयुक्त बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता को महंगाई से राहत देने में विफल रहे हैं और अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि 18 मई को महंगाई, रसोई गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी, मजदूरों, किसानों, शहरी गरीबों, मध्यम वर्ग और मेहनतकश लोगों की आजीविका पर हो रहे हमलों के खिलाफ राज्यभर में रोष प्रदर्शन किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि 19 से 28 मई तक 'चलो लोगों के पास' अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों और शहरों में जनसभाएं कर लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों के प्रभाव, आर्थिक नुकसान और आम जनता पर पड़ रहे असर के बारे में जागरूक किया जाएगा।

आरएमपीआई नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रगतिशील, लोकतांत्रिक और जनवादी ताकतों के साथ मिलकर संविधान, धर्मनिरपेक्षता और संघीय ढांचे की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित