पटना , अप्रैल 03 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि फरवरी 2026 में संचालित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के जरिए फाईलेरिया रोधी दवा सेवन सुनिश्चित कराने के प्रयास में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
मंत्री श्री पांडेंय ने कहा कि बिहार सरकार फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक राज्य के 34 जिलों के 396 प्रखंडों एवं शहरी इकाइयों में एमडीए अभियान चलाया गया, जिसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर योग्य व्यक्तियों को दवा सेवन कराया गया। इसके साथ ही 11 फरवरी 2026 को राज्यव्यापी एमडीए कैंप का आयोजन कर एक दिन में लगभग एक करोड़ से अधिक लोगों को दवा सेवन सुनिश्चित कराने के लक्ष्य को भी हासिल किया गया।
श्री पांडेय ने कहा कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर परिणामों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जिले से उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा। इसके अंतर्गत एक-एक उत्कृष्ट प्रखंड या शहरी इकाई, प्रखंड स्तरीय सुपरवाइजर, ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर टीम के सदस्य, ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी सेविका, कम्युनिटी मोबिलाइजर, मुखिया, प्रधानाध्यापक सहित अन्य श्रेणियों में चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य कर्मियों के मनोबल को बढ़ाएगी, बल्कि फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने में भी सहायक होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि जनभागीदारी को मजबूत करते हुए प्रत्येक व्यक्ति तक एमडीए कार्यक्रम का लाभ पहुंचाया जाए। इसके लिए सम्बंधित जिलों के सिविल सर्जन को निर्धारित मानकों के अनुसार अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन कर सूची राज्य मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फाईलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में यह पहल कारगर साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित