लखनऊ , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की संयुक्त पहल के तहत पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े सर्टिफिकेट और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 (जनवरी) के लिए सर्टिफिकेट इन फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन (सीएफओ), सर्टिफिकेट इन फूड एंड बेवरेज सर्विस ऑपरेशन (सीएफबीओ), सर्टिफिकेट इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन (सीएचओ) तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन होटल ऑपरेशन्स (पीजीडीएचओ) में इच्छुक छात्र प्रवेश ले सकते है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र सैद्धांतिक शिक्षा के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे, जिससे उन्हें पर्यटन और होटल उद्योग में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पर्यटन-आतिथ्य क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
सर्टिफिकेट कोर्स के लिए न्यूनतम योग्यता 10 2 निर्धारित है, जबकि पीजीडीएचओ के लिए स्नातक होना अनिवार्य है। सर्टिफिकेट कोर्स की अवधि छह महीने और फीस 3,000 रुपये है, जबकि पीजी डिप्लोमा की फीस 9,000 रुपये निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एमकेआईटीएम और इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 28 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित