चंडीगढ़ , मार्च 17 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि जिन किसानों के बाजरा की एमएसपी पर बिक्री नहीं हो सकी, ऐसे 1,57,455 किसानों को उनकी निर्धारित राशि वितरित कर दी गई है।
वह मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
मंत्री ने बताया कि जिन किसानों को बाजरा बिक्री में एमएसपी से कम बाजार मूल्य मिला, उन्हें भरपाई के तौर पर 575 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजीकरण के दौरान गलत बैंक खाता विवरण देने के कारण 601 किसानों का भुगतान अभी लंबित है। इन किसानों को 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर अपने बैंक विवरण ठीक करने के लिए लगातार संदेश भेजे जा रहे हैं। विवरण सही होते ही बकाया राशि जारी कर दी जाएगी।
राणा ने बताया कि बाजरा खरीद के लिए 1,58,056 किसानों के 2,24,354 जे-फॉर्म भरे गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित