जयपुर , जून 07 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि राज्य की भजनलाल सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद 12 जून तक बढा देने के निर्णय से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

श्री राठौड़ ने रविवार को अपने बयान में कहा कि किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा द्वारा लिखे गए पत्र पर राज्य सरकार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए एमएसपी पर गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि श्री गोदारा ने गत दिनों पत्र लिखकर अवगत कराया था कि श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसानों का गेहूं अभी भी खरीद केंद्रों पर नहीं बिक पाया है और श्री गोदारा ने गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने तथा पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की थी।

श्री राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसानों के हितों में जनकल्याण के लिए सदैव तत्पर है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष किसानों की इस समस्या को रखने पर उन्होंने एमएसपी पर गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाते हुए 12 जून करने का फैसला किया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीद का लक्ष्य 28.5 लाख टन कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित