भोपाल , मार्च 30 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश देश के सशक्त और बेहतर वित्तीय प्रबंधन वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है तथा राज्य सरकार उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में 257 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को 169.57 करोड़ रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की। इस अवसर पर स्टार्टअप को लगभग 28 लाख रुपए की अनुदान राशि की पहली किश्त भी जारी की गई।
उन्होंने कहा कि एमएसएमई इकाइयां औद्योगिक गतिविधियों का प्रभावी केन्द्र होने के साथ लाखों परिवारों के स्वावलंबन का आधार हैं। प्रदेश में उद्योग मित्र नीतियों के माध्यम से देश-दुनिया के निवेशकों का स्वागत किया जा रहा है और मध्यप्रदेश को प्रमुख स्टार्टअप राज्य के रूप में विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रुपए का अंतरिम लाभांश चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बैतूल और आगर-मालवा के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि के आवंटन पत्र भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए पारदर्शी और त्वरित व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं, जिससे उद्यमियों को पूंजी, भूमि और अन्य सुविधाएं सरलता से उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में 7100 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं और 25 औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य जारी हैं, जबकि 6 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित