प्रयागराज , अक्टूबर 21 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार एमएलसी चुनाव में धांधली करने की साजिश कर रही है। श्री पाल ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर एमएलसी चुनाव को अपने पक्ष में करने का प्रयास करेगी लेकिन मतदाता भाजपा की कोशिश को विफल करने के लिये पूरी तरह से तैयार है। मतदाता संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सपा को वोट करेगा और सभी 11 सीटों पर सपा के उम्मीदवार जीतने जा रहे हैं।

उन्होने कहा कि 2027 का चुनाव समाजवादी पार्टी बड़ी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होने दावा किया है कि यूपी से सामंतवादी सरकार को हटाने के लिये इंडिया गठबंधन एकजुट है।

कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस पर कोई फैसला करेंगे। उन्होंने साफ किया है कि यह तय है कि सपा इंडिया एलायंस के साथ मिलकर ही 2027 का चुनाव लड़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित