चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- चंडीगढ़ स्थित एमएलए हॉस्टल डिस्पेंसरी में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए गए हैं। हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने शुक्रवार को इनका उद्घाटन किया। इससे ट्राईसिटी के मरीजों, विधायकों और सरकारी कर्मचारियों को बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं मिलेंगी।

डिस्पेंसरी में 4डी इमेजिंग, फीटल इकोकार्डियोग्राफी और डिजिटल एक्स-रे के अलावा शॉकवेव थेरेपी तथा ईसीजी की सुविधाएं शुरू की गई हैं।

अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड कलर डॉप्लर सिस्टम पर 77.15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इससे गर्भवती महिलाओं, हृदय संबंधी समस्याओं और लिवर, स्तन व थायराइड की जांच में मदद मिलेगी। वहीं, 11.01 लाख रुपये की डिजिटल रेडियोग्राफी प्रणाली और 7.66 लाख रुपये की एक्स-रे मशीन से फ्रैक्चर तथा छाती संबंधी बीमारियों की जांच की जा सकेगी।

फिजियोथेरेपी के लिए 14.90 लाख रुपये की डीप ऑसिलेशन थेरेपी यूनिट और 8.70 लाख रुपये की शॉकवेव थेरेपी यूनिट स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, ईसीजी मशीन से हृदय की विद्युत गतिविधियों की जांच हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित