जामताड़ा/रांची , सितंबर 05 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एमएमडीआऱ बिल झारखंड के अधिकारों पर सीधा हमला, भाजपा की साजिश को कांग्रेस किसी कीमत पर सफल नहीं होने देगीएमएमडीआऱ बिल के खिलाफ आगामी सात सितंबर को रांची में प्रस्तावित कांग्रेस के राजभवन घेराव एवं विरोध-प्रदर्शन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए शनिवार को जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान रांची कूच, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, वाहन व्यवस्था एवं प्रखंडवार संगठनात्मक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एमएमडीआऱ बिल झारखंड के लिए महज एक विधेयक नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर चोट है। भाजपा जिस तरह झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, उसे कांग्रेस पार्टी और झारखंड की जनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड देश के विकास में अपने खनिज संसाधनों के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन जब राज्य को उसके संसाधनों का उचित आर्थिक लाभ देने की बात आती है, तो उसके अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जाती है। खनिज संपदा से मिलने वाली संभावित लगभग Rs.15,000 करोड़ की वार्षिक राशि झारखंड के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह राशि राज्य की आर्थिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
डॉ. अंसारी ने कहा "यह लड़ाई कांग्रेस की नहीं, पूरे झारखंड के हक की लड़ाई है। यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की लड़ाई नहीं है, यह झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, युवा और हर गरीब परिवार के हक की लड़ाई है। झारखंड की धरती से निकलने वाले खनिज का लाभ झारखंड की जनता को मिलना चाहिए। इसी पैसे से सड़कें बनती हैं, अस्पताल मजबूत होते हैं, बच्चों की पढ़ाई होती है, रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और गांवों में विकास पहुंचता है। झारखंड के अधिकारों और उसके हिस्से के संसाधनों से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।"उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां लगातार झारखंड के अधिकारों और हितों को कमजोर करने वाली रही हैं। झारखंड की पहचान और अस्तित्व उसके जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़ा है। राज्य के संसाधनों पर पहला अधिकार यहां की जनता का है और कांग्रेस पार्टी इस अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
डॉ. अंसारी ने कहा कि यदि राज्य की आर्थिक क्षमता कमजोर होती है तो उसका सबसे प्रतिकूल प्रभाव गरीब एवं वंचित वर्ग पर पड़ेगा। इसका असर अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, दवाइयों, मेडिकल मशीनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, शिक्षा, सड़क और रोजगार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा-झारखंड ने बहुत कुछ सहा है, लेकिन अपने अधिकारों से समझौता नहीं किया है। अब चुप बैठने का समय नहीं है। 7 सितंबर को रांची की धरती से झारखंड की जनता की आवाज बुलंद होगी। हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे।"स्वास्थ्य मंत्री ने जामताड़ा जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 7 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचें और राजभवन घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा की धरती संघर्ष और जनअधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए जानी जाती है और इस बार भी जामताड़ा अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराएगा।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी ने रांची जाने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या, प्रखंडवार भागीदारी, वाहन व्यवस्था, कार्यकर्ताओं के समन्वय एवं आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की। जिला कांग्रेस की ओर से कहा गया कि 7 सितंबर का राजभवन घेराव केवल विरोध-प्रदर्शन नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष का मजबूत संदेश होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर झारखंड की जनता का हक है और इस हक की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर राज्य के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित