मुंबई , अगस्त 04 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र स्वास्थ्य एवं तकनीकी समान प्रवेश परीक्षा (एमएचटी-सीईटी) में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राज्य के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल के इस्तीफे की मांग की है।
श्री पवार ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में परीक्षा प्रणाली में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की जांच में ऐसे साक्ष्य मिले थे, जिनसे पता चलता है कि परीक्षा का प्रश्नपत्र 25 लाख रुपये में लीक किया गया था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के प्रतिनिधि इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए भायखला पुलिस थाने जाएंगे।
उन्होंने आबकारी विभाग की भर्ती परीक्षा से जुड़े अतिरिक्त साक्ष्य मिलने का भी दावा करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा की अंकन प्रणाली लीक हुई थी। उन्होंने तलाठी भर्ती परीक्षा में भी कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
एमएचटी-सीईटी परीक्षा का उल्लेख करते हुए श्री पवार ने कहा कि हर वर्ष लगभग 10 लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं। उन्होंने पर्सेंटाइल की गणना प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाया।
उन्होंने दावा किया कि 2020 से 2026 के बीच एमएचटी-सीईटी के परिणामों के विश्लेषण से 2023 के बाद एक स्पष्ट प्रवृत्ति सामने आयी है। उनके अनुसार 2026 में शीर्ष 100 रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में केवल 43 छात्रों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित (पीसीएम) में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये थे।
श्री पवार ने आरोप लगाया कि सीईटी प्रकोष्ठ ने पर्सेंटाइल की गणना का फार्मूला सार्वजनिक नहीं किया है और सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत भी यह जानकारी देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पर्सेंटाइल निर्धारण की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीईटी प्रकोष्ठ ने परीक्षा संचालन के लिए एक विशेष कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निविदा की शर्तों में तीन बार संशोधन किया। उनका दावा है कि "एडुस्पार्क" नामक कंपनी को महाराष्ट्र सरकार के सात विभागों में ठेके मिले और उसने अन्य संबद्ध कंपनियों के माध्यम से भी सरकारी कार्य हासिल किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित