लखनऊ , अक्टूबर 19 -- भारत की प्रमुख स्पिरिट्स कंपनियों में शामिल एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स लिमिटेड (एबीडी) ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित अपनी बॉटलिंग इकाई में वाणिज्यिक परिचालन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक रूप से 60 लाख केस प्रतिवर्ष की क्षमता वाली यह इकाई राज्य में स्पिरिट्स की बढ़ती मांग को पूरा करने के साथ कंपनी की विनिर्माण क्षमता और बाजार में उपस्थिति मजबूत करेगी।
कंपनी के अनुसार, यह इकाई उन परिसंपत्तियों का हिस्सा है, जिनका जनवरी में करीब 70 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया गया था। इसके बाद लगभग 40 करोड़ रुपये का निवेश कर सुविधा का उन्नयन किया गया। इकाई के चालू होने से उत्तर प्रदेश में कंपनी की बॉटलिंग क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, अपनी इकाई में बॉटलिंग का अनुपात बढ़ने और फ्रेंचाइजी शुल्क में बचत से परिचालन दक्षता तथा लागत प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है।
एबीडी ने राज्य में 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की है। इसमें मुरादाबाद इकाई का अधिग्रहण और उन्नयन तथा दोहरी क्षमता वाली डिस्टिलरी और अतिरिक्त बॉटलिंग सुविधा से युक्त एकीकृत विनिर्माण परिसर का विकास शामिल है।
एबीडी के प्रबंध निदेशक अमर सिन्हा ने कहा कि मुरादाबाद इकाई में परिचालन शुरू होना उत्तर प्रदेश में कंपनी के विनिर्माण आधार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैकवर्ड इंटीग्रेशन कंपनी की रणनीति का प्रमुख हिस्सा है, जिससे पूरी मूल्य शृंखला पर नियंत्रण बढ़ाने, आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने और लागत दक्षता में सुधार करने में मदद मिलेगी।
सिन्हा ने कहा कि यह इकाई राज्य में कंपनी के विस्तार को गति देने के साथ आगे एकीकरण का आधार बनेगी। इसमें कंपनी के स्वयं के उपयोग के लिए एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ईएनए) की उत्पादन क्षमता बढ़ाना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कंपनी की बैकवर्ड इंटीग्रेशन रणनीति का केंद्र है। राज्य की आबकारी नीति और निवेश के अनुकूल वातावरण उद्योग के दीर्घकालिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में सहायक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित