वॉशिंगटन , जुलाई 29 -- अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने प्रतिबंधित सूची का विस्तार करते हुए इसमें विदेश निर्मित उन्नत रोबोटिक उपकरणों और कनेक्टेड पावर इनवर्टर को शामिल किया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के इन उत्पादों से देश को 'अस्वीकार्य जोखिम' होने की पुष्टि किए जाने के बाद, एफसीसी ने अमरीका में नये मॉडलों की बिक्री, आयात या विपणन के लिए विनियामक मंजूरी पर प्रभावी रूप से रोक लगा दी है।

यह कदम ह्वाइट हाउस की बुलायी गयी अंतर-एजेंसी राष्ट्रीय सुरक्षा निकाय के उस आकलन के बाद उठाया गया है, जिसमें कहा गया था कि मनुष्य जैसा और चौपाये रोबोट सहित विदेश निर्मित उन्नत रोबोट और कनेक्टेड पावर इनवर्टर आपूर्ति शृंखला में कमियां और साइबर सुरक्षा खतरे पैदा कर सकते हैं, जिससे अमरीका के बुनियादी ढांचे और आर्थिक सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

एफसीसी ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध केवल उन नये उपकरण मॉडलों पर लागू होता है, जो मंजूरी मांग रहे हैं और इससे पहले से खरीदे गये उत्पादों के इस्तेमाल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एजेंसी के पहले से स्वीकृत मौजूदा मॉडलों की बिक्री, आयात और विपणन जारी रह सकता है।

एफसीसी अध्यक्ष ब्रेंडन कार ने कहा कि यह फैसला अमरीकी आपूर्ति शृंखला सुरक्षा को मजबूत करने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों के अनुकूल है।

श्री कार ने कहा, "एफसीसी अमरीका की महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं को सुरक्षित करने के लिए अपनी भूमिका निभाना जारी रखेगा और आज की इस कार्रवाई के साथ एफसीसी हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रहा है।"'सिक्योर एंड ट्रस्टेड कम्युनिकेशंस नेटवर्क एक्ट' के तहत एफसीसी अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मंजूरी या रिपोर्ट मिलने के बाद ही अपनी प्रतिबंधित सूची को अपडेट कर सकता है।

पावर इनवर्टर को लेकर जारी रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षित घरेलू आपूर्ति शृंखला का अभाव और विदेश निर्मित उपकरणों पर लगातार निर्भरता अमरीकी बिजली ग्रिड को साइबर हमलों के प्रति संवेदनशील बना सकती है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि रिमोट से जुड़े इनवर्टर का इस्तेमाल सिस्टम को बंद करने, जासूसी करने या संवेदनशील डेटा की चोरी के लिए किया जा सकता है।

राष्ट्रीय सुरक्षा मूल्यांकन का निष्कर्ष है कि ऐसे उपकरण 'आपूर्ति शृंखला में कमियां पैदा करके अमरीकी आर्थिक सुरक्षा को बाधित कर सकती हैं' और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के लिए साइबर सुरक्षा खतरे पैदा कर जोखिम बढ़ा रहे हैं।

उन्नत रोबोटिक उपकरणों को लेकर जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि नेटवर्क से जुड़े रोबोट में गंभीर साइबर कमियां होती हैं और विदेशी तत्वों के संवेदनशील डेटा एकत्र करने, जासूसी करने या रोबोटिक सिस्टम को दूर से नियंत्रित करने के लिए इनका दुरुपयोग किया जा सकता है।

रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया कि विदेश निर्मित उन्नत रोबोट आपूर्ति शृंखला में कमियां और साइबर सुरक्षा खतरे पैदा कर 'अस्वीकार्य जोखिम' पैदा करते हैं, जो अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डाल सकते हैं।

एफसीसी ने कहा कि यदि निर्माता यह साबित कर सकते हैं कि उनके विशेष उपकरण राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा नहीं करते हैं, तो वे संबंधित अमरीकी अधिकारियों से 'सशर्त मंजूरी' मांग सकते हैं।

एजेंसी ने कहा कि इस कार्रवाई से अमरीकी संघीय सरकार की एजेंसियों के ऐसे उपकरणों की खरीद या उपयोग पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह फैसला हाल के महीनों में उपभोक्ता-स्तरीय राउटर, मानवरहित विमान प्रणाली (ड्रोन/यूएएस) और महत्वपूर्ण यूएएस घटकों पर लगाये गये इसी तरह के प्रतिबंधों के बाद आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित