देहरादून/चमोली , अप्रैल 19 -- सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे छिपे एक शातिर अपराधी को उत्तराखंड के चमोली जनपद पुलिस ने बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। सेना का फर्जी जवान बनकर फेसबुक के जरिये युवतियों को प्रेम जाल में फंसाने और फिर उनकी निजी तस्वीरों के दम पर ब्लैकमेल करने वाले कुलदीप भंडारी को पुलिस ने रुड़की के ढंडेरा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने रविवार को बताया कि बीते शुक्रवार को वादिनी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि वर्ष 2024 में उसकी फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी एक युवक से मित्रता हुई। वर्ष 2025 में उक्त युवक से रुड़की रेलवे स्टेशन पर मुलाकात हुई, जहां उसने अपना नाम कुलदीप भंडारी बताते हुए स्वयं को आर्मी में कार्यरत बताया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के झांसे में आकर वादिनी ने अपनी निजी फोटो एवं वीडियो उसके साथ साझा कर दी। इसके बाद आरोपी द्वारा इन निजी फोटो, वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वादिनी को ब्लैकमेल किया गया तथा पैसों की मांग की गई। भयवश वादिनी द्वारा आरोपी के खाते में एक लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित