मुंबई , अप्रैल 12 -- विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अप्रैल में अबतक भारतीय पूंजी बाजार से शुद्ध रूप से 62,204 करोड़ रुपये की निकासी की है।

पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद यह लगातार दूसरा महीना है जब एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाल रहे हैं।

केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा (सीडीएसएल) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में अबतक एफपीआई ने इक्विटी में अपना निवेश 48,213 करोड़ रुपये कम किया है। डेट और हाइब्रिड उपकरणों में भी वे बिकवाल रहे हैं जबकि म्यूचुअल फंड में उनका निवेश सकारात्मक रहा है।

अप्रैल में डेट में एफपीआई का निवेश 14,106 करोड़ रुपये कम हो गया। हाइब्रिड उपकरणों में उन्होंने 44.42 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

वहीं, म्यूचुअल फंड में उन्होंने विश्वास दिखाया है और अबतक 159 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित