बैतूल , मई 16 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के आमला रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि आमला स्टेशन में शुक्रवार को चलती ट्रेन से गिरने से एक युवक की मौत हो गयी थी। मृतक की पहचान शशिकांत उर्फ आकाश द्विवेदी (31) निवासी चंद्रपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। वह ट्रेन संख्या 20805 एपी एक्सप्रेस से चंद्रपुर से कानपुर की यात्रा कर रहा था। उसके साथ सुरभि मंडल नामक महिला यात्री भी सफर कर रही थीं।
घटना आमला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के पास पोल नंबर 874/15 से 874/17 के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन के आमला स्टेशन पहुंचने के दौरान अचानक शशिकांत ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आमला जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
प्रारंभिक जांच में मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस साथ यात्रा कर रही महिला यात्री सहित अन्य यात्रियों से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित