नयी दिल्ली , अक्टूबर 2 -- बिहार के पूर्णिया जिले से यूरोपीय देश यूनान के लिए एक टन 'फूल मखाना' की खेप कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से रवाना की गई है। यह पहल मखाने की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने और निर्यात के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखी जा रही है।

यहां शुक्रवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। इसमें बताया गया है कि यह खेप गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से समुद्री मार्ग से यूनान के पिराएउस पोर्ट तक पहुंचेगी। इस निर्यात से किसानों को घरेलू बाजार की तुलना में काफी बेहतर दाम मिला है। इससे संकेत मिलता है कि दुनिया के बाजार, मखाना किसानों को बेहतर दाम दिलाने की क्षमता रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत वैश्विक स्तर पर मखाना उत्पादन में शीर्ष स्थान पर है, जिसमें अकेले बिहार की हिस्सेदारी 80 से 85 प्रतिशत है। राज्य के 10 जिलों में 35,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में मखाने की खेती की जाती है। इस क्षेत्र को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर एवं राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा से तकनीकी सहायता मिलती ही है।

खेप को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह निर्यात बिहार के मखाना उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जानकारी दी कि भारत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 20 से अधिक देशों को 22 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 180 करोड़ रुपये) मूल्य का 7,000 टन से अधिक मखाना और इसके प्रसंस्कृत उत्पाद निर्यात किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित