नई दिल्ली , जून 25 -- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से वाराणसी से पश्चिम एशिया क्षेत्र के देश ओमान के लिए 40 टन बिस्कुट की पहली खेप का निर्यात किया गया है। यह भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सेपा) पर हस्ताक्षर होने के बाद वाराणसी से ओमान को भेजी गई बिस्कुट की पहली खेप है1वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रायल ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यह वाराणसी क्षेत्र से प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात की बढ़ते सामर्थ्य को दर्शाता है। इस निर्यात खेप का प्रबंधन वाराणसी स्थित निर्माता-निर्यातक कंपनी श्री तिरुपति बालाजी इंडस्ट्रीज प्रा.लि. द्वारा किया गया है। यह पहल क्षेत्र के प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने तथा उत्तर प्रदेश के मूल्यवर्धित खाद्य उत्पादों की वैश्विक पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली एजेंसी एपीडाने निर्यातक को विभिन्न निर्यात प्रोत्साहन गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय सहयोग प्रदान किया है और उस क्षेत्र के उद्यमियों को 'आहार-2026' तथा 'गल्फूड-2026' जैसे प्रमुख घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भाग लेने में सहायता की है। इन प्रयासों से वाराणसी क्षेत्र में निर्मित उत्पादों की पहचान बढ़ी है तथा विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने में सहायता मिली है।
यह खेप वाराणसी से रवाना होकर पहले इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) कानपुर पहुंचेगी, जहां सीमा शुल्क (कस्टम) की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद इसे जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह, मुंबई भेजा जाएगा, जहां से इसे ओमान के लिए समुद्री मार्ग से निर्यात किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित