पटना , जुलाई 02 -- िज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी, पटना के लिए सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान गेटवे की स्थापना एवं संचालन के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया है।विभाग की ओर से इस समझौता ज्ञापन पर संयुक्त सचिव कुमार सिद्धार्थ तथा भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पटना परिमंडल के उप महाप्रबंधक मनीष कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए।

यह साझेदारी साइंस सिटी, पटना में आगंतुक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतीय स्टेट बैंक के सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान गेटवे के एकीकरण के बाद आगंतुक शीघ्र ही आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से प्रवेश टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इससे सुरक्षित, सहज एवं पारदर्शी डिजिटल भुगतान प्रणाली उपलब्ध होगी।

इस पहल से टिकट काउंटरों पर प्रतीक्षा समय में कमी आएगी, आगंतुकों की सुविधा में वृद्धि होगी तथा डिजिटल सुशासन, सार्वजनिक सेवाओं की सुगम उपलब्धता एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जन-सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में बिहार सरकार की प्रतिबद्धता और अधिक सशक्त होगी।

इस मौके पर विभाग के अपर सचिव-सह-निदेशक अहमद महमूद, विशेष कार्य पदाधिकारी सुश्री मोनिका ठाकुर और श्रीमती ज्योति लाल, सहायक महाप्रबंधक, एसबीआई, बेली रोड शाखा मौजूद थीं। इस अवसर पर विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित