नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने एपस्टीन फाइल के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को यहां रायसिना रोड स्थित अपने मुख्यालय के बाहर अचानक प्रदर्शन किया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और 'एपस्टीन जनता पार्टी' का नारा लगाया तथा राष्ट्रीय हितों से समझौता करने का आरोप लगाया।

इस मौके पर श्री चिब ने कहा कि जेफ्री एपस्टीन के करीबी मित्र बताये जाने वाले श्री पुरी को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी राजनीतिक कमजोरी के कारण देश के राष्ट्रीय हितों को बंधक नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइलों का इस्तेमाल मोदी सरकार पर दबाव बनाने और भारत को व्यापार समझौते के लिए मजबूर करने का कथित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ कोई भी समझौता समानता, आपसी सम्मान और भारतीय किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा घरेलू उद्योगों के हितों की रक्षा पर आधारित होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित