न्यूयॉर्क , सितंबर 07 -- यूएस ओपन 2026 टेनिस के पुरुष युगल में एन श्रीराम बालाजी की दूसरे राउंड में हार के साथ ही इस सीजन के आखिरी ग्रैंड स्लैम में भारत का सफर खत्म हो गया।

रविवार को खेले गये मुकाबले में दुनिया के 54वें नंबर के खिलाड़ी बालाजी और उनके अमेरिकी साथी इवान किंग (रैंकिंग 53) को 12वीं वरीयता प्राप्त मोनाको के ह्यूगो निस और फ्रांस के एडुआर्ड रोजर-वासलिन की जोड़ी ने एक घंटे 28 मिनट में 6-4, 7-5 से हराया।

बालाजी और किंग की सर्विस आठवें गेम में टूटी और वे वापसी नहीं कर पाए, जिससे 12वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पहला सेट 6-4 से जीत लिया। दूसरा सेट काफी कड़ा मुकाबला वाला रहा। निर्णायक मोड़ 11वें गेम में आया जब 12वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने बालाजी और किंग की सर्विस तोड़कर 6-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद निस और रोजर-वासलिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए मैच जीता और अगले राउंड में अपनी जगह पक्की की।

बालाजी और किंग ने पहले राउंड में शानदार वापसी की थी। उन्होंने छह मैच पॉइंट बचाते हुए डच जोड़ी सैंडर एरेन्ड्स और डेविड पेल को दो घंटे 56 मिनट में 3-6, 7(9)-6(7), 7(12)-6(10) से हराया था।

दूसरे राउंड में पहुंचना यूएस ओपन में बालाजी का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। वे 2024 में भी अर्जेंटीना के गुइडो आंद्रेओज़ी के साथ इसी स्टेज तक पहुंचे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित