बैतूल , अक्टूबर 01 -- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हक्सर शासकीय महाविद्यालय, बैतूल में एनसीसी की महिला इकाई द्वारा महिला सुरक्षा, अधिकार एवं लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय की अधिवक्ता पूनम राजपूत ने एनसीसी कैडेट्स को महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
अधिवक्ता राजपूत ने बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), लैंगिक संवेदनशीलता, मानव तस्करी और छेड़छाड़ सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का आत्मविश्वास भी देती है।
उन्होंने कैडेट्स को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार का विरोध करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित कानूनी सहायता लेने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने कानून और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिवक्ता ने सरल भाषा में जवाब दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय एनसीसी महिला इकाई की सीटीओ कृष्णा गोसर ने किया। आयोजन का उद्देश्य कैडेट्स को कानूनी रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक के रूप में विकसित करना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित