नयी दिल्ली , मई 01 -- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(एनसीबी) ने संगठित नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक के अंतर्गत बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है और मुंबई एवं आसपास के लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर से लगभग 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपये है।

ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि यह सफलता उसके छह महीने लंबे उच्च स्तरीय ऑपरेशन के तहत निरंतर खुफिया जानकारी इकट्ठा करने और निगरानी से मिली है।

ब्यूरो की कई टीमों ने विशिष्ट और विश्वसनीय सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए कलंबोली-भिवंडी कॉरिडोर (नवी मुंबई - ठाणे क्षेत्र) में समन्वित छापेमारी की और गोदामों की अवसंरचना तथा छिपे हुए परिवहन तंत्र का उपयोग करने वाले एक अत्यधिक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस सफलता के लिए ब्यूरो को बधाई देते हुए कहा, "हम नशीले पदार्थों के कार्टेल को बेरहमी से कुचलने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुंबई में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के रिंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है, जिसकी कीमत 1,745 करोड़ रुपये है। यह 'बॉटम टू टॉप' अप्रोच का एक बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें एजेंसी ने एक छोटी खेप को ट्रेस करते हुए एक विशाल नेटवर्क को पकड़ा। टीम एनसीबी को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई।"यह सफल ऑपरेशन नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित करता है।

इस ऑपरेशन के तहत पहली छापेमारी के दौरान ब्यूरो के अधिकारियों ने नवी मुंबई के कलंबोली स्थित के डब्ल्यू सी वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर के डब्ल्यू के पास मारुति सुजुकी सुपर कैरी वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर एम-03-डीवी-3803) को रोका। वाहन की तलाशी में 136 पैकेट कोकीन बरामद की गई, जिनमें से प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम था। ये पैकेट कार्टनों में छिपाए गए थे, जिनमें कोकीन को क्रिकेट पैड्स और ग्लव्स के अंदर छुपाकर रखा गया था। एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

लगातार पूछताछ और त्वरित फॉलो-अप कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भिवंडी में छिपाई गई एक और बड़ी खेप के बारे में जानकारी दी, जो एक प्रमुख वेयरहाउसिंग हब है। ब्यूरो की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भिवंडी (जिला ठाणे) के रेहनल गाँव स्थित लक्ष्मण कंपाउंड, रेहनल बस स्टैंड के पास वाले एक गोदाम में दूसरा ऑपरेशन किया। इस छापेमारी में अतिरिक्त 213 पैकेट (प्रत्येक 1 किलोग्राम) कोकीन बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस प्रतिबंधित पदार्थ को भारत में आयात की गई एक मशीन के अंदरूनी खोखले हिस्से में छिपाकर लाया गया था। प्रत्येक पैकेट को 9 परतों वाली अलग-अलग प्रकार की पॉलीथीन में पैक किया गया था, जिसमें एक परत ब्लैक ग्रीसी पदार्थ की भी थी। भिवंडी के वेयरहाउसिंग इकोसिस्टम का उपयोग दर्शाता है कि यह एक सुव्यवस्थित लॉजिस्टिक्स चेन थी, जिसमें मशीनरी के साथ कोकीन छिपाकर आयात करना, वेयरहाउस में कोकीन पैकेट का भंडारण और निकासी तथा नशीले पदार्थों की डाउनस्ट्रीम सप्लाई शामिल थी।

ब्यूरो ने बताया है कि किंगपिन, हैंडलर्स, फाइनेंसर और जिन तक ये खेप पहुँचने वाली थी, उन्हें गिरफ्तार करने के लिए गहन जांच चल रही है। यह जब्ती इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में औसतन हर साल केवल 200-300 किलोग्राम कोकीन ही जब्त की जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित