श्रीनगर , अक्टूबर 16 -- राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने एक वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लिया है।
इस वीडियो में जम्मू-कश्मीर के श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रशासनिक सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन, एक आधिकारिक समीक्षा बैठक के दौरान कनिष्ठ महिला अधिकारी बीनीश वानी (सहायक निदेशक, जेकेएएस) को अपशब्द कहते, अपमानित करते और धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब जम्मू-कश्मीर सरकार ने रंजन के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। एक वर्चुअल आधिकारिक बैठक के दौरान सुश्री वानी को "ब्लडी शिट" कहने वाले वीडियो के सामने आने के बाद काफी आक्रोश फैल गया था।
आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर वीडियो की पुष्टि करने, निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर उचित अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।
आयोग ने कहा, "आयोग ने कार्यस्थल पर उत्पीड़न, प्रताड़ना और पेशेवर प्रतिशोध के खिलाफ सुरक्षा उपायों के साथ-साथ महिला अधिकारी को संरक्षण और समर्थन देने की भी मांग की है।"सात दिनों के भीतर 'की गई कार्रवाई की रिपोर्ट' (एटीआर) मांगी गई है।
आयोग ने कहा, "हर महिला अधिकारी को कार्यस्थल पर एक सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण माहौल पाने का अधिकार है। सत्ता के दुरुपयोग और कार्यस्थल पर अपमान की घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए।"जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
उन्होंने उपराज्यपाल से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग करते हुए ने एक निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच होनी चाहिए ताकि तथ्यों का पता चल सके और यह तय किया जा सके कि क्या किसी सेवा नियम या आधिकारिक आचरण के निर्धारित मानकों का उल्लंघन हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित