संगरूर, सितंबर 10 -- राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) की टीम ने गुरुवार को संगरूर के गांव तूर बनजारा पहुंचकर दिवंगत गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की और मामले में पंजाब सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा की गयी कार्रवाई की जानकारी ली।
उपायुक्त पूनमदीप कौर ने गुरुवार को बताया कि परिवार ने अब तक की सरकारी कार्रवाई पर संतोष जताया है। परिवार को सरकार की ओर से घोषित सहायता भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि गुलजार सिंह के परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा जारी किया जा चुका है तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का आश्वासन भी दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
जिला प्रशासन ने आयोग को मामले की जांच और परिवार को दी जा रही सहायता की जानकारी दी तथा आगे भी आयोग को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित