चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में परिवहन विभाग की ओर से 775 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। योजना के पहले चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इस पर करीब 41 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

श्री विज ने बताया कि जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों (ईएलवी) की पहचान और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एनसीआर के इन चार जिलों में पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। गुरुग्राम में 249, सोनीपत में 215, झज्जर में 195 और फरीदाबाद में 116 कैमरे लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल करीब 2,780 एएनपीआर कैमरों की आवश्यकता है। पहले चरण में एनसीआर के चार जिलों में 775 कैमरे स्थापित किए जाएंगे। यह व्यवस्था वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित