नयी दिल्ली , सितंबर 01 -- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के प्रवर्तन कार्य बल ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में 28,397 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थाओं का निरीक्षण कर पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने पर 1,823 को बंद करने के निर्देश दिये हैं।
सीएक्यूएम के प्रवर्तन कार्य बल की 31 अगस्त को हुई 138वीं बैठक में आठ से 23 अगस्त की अवधि में की गयी प्रवर्तन कार्रवाइयों, निरीक्षणों और अनुपालन स्थिति की समीक्षा की गयी। इस दौरान फ्लाइंग स्क्वाड ने 121 निरीक्षण किए, जिनमें 56 औद्योगिक क्षेत्रों, 20 डीजल जनरेटर सेट और 10 निर्माण एवं विध्वंस स्थलों से संबंधित थे।
निरीक्षणों में उल्लंघन पाए जाने पर चार परियोजनाओं/उद्योगों को बंद करने, 17 डीजी सेट सील करने, सात अनुपालन आदेश जारी करने और पांच मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाने का प्रस्ताव किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित